हारने के बाद भी मजेदार जवाब दे गए अखिलेश यादव
यूपी चुनाव की शुरूआत में सबसे पहले अखिलेश यादव ने झंडा बुलंद किया था. लड़ाई की शुरूआत घर से की. पहले चाचा और फिर पापा से रगड़ा किया. फिर उनके समर्थकों से. खूब आवा-जाही होती रही. पता ही नहीं चल पा रहा था कि कौन क्या कर रहा है. कौन पार्टी चला रहा है.
फिर सबको सरप्राइज करते हुए राहुल गांधी के साथ गठबंधन कर लिया. चुनाव खत्म होते ही बम गिरा दिया कि हंग असेंबली आने की स्थिति में मायावती के साथ गठबंधन कर लेंगे. ये अपने आप में चौंकाने वाला बयान था. क्योंकि ये बयान अगर पहले आ गया होता तो यूपी की राजनीति ही बदल गई होती.
और अब चुनाव खत्म होने के बाद अखिलेश यादव ने वजह बताई है:
‘हमने तो एक्सप्रेस-वे दिया था जनता को. पर लगता है कि जनता को बुलेट ट्रेन पसंद आ गई है. हमने समाजवादी योजना भी चलाई, उसमें पैसा मैं बढ़ा के हजार रुपये करने वाला था पर जनता को वो भी पसंद नहीं आया.’
मायावती ने अभी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि ईवीएम मशीनों से छेड़-छाड़ हुई है. फिर से चुनाव हों. इस बात पर अखिलेश यादव ने कहा कि आप जानिए, बसपा प्रमुख ने कहा है. कुछ सोच के ही कहा होगा. पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि हमको आप लोगों से मिल के अच्छा लगा. जनता से मिलना भी अच्छा लगा.

No comments:
Post a Comment