एमसीडी चुनाव: केजरीवाल के लिए जमीन बचाने की चुनौती, खुद संभाली कमान!

एमसीडी चुनाव 22 अप्रैल को होने तय हुए हैं. इसके मद्देनजर पार्टी ने अब तक 272 में 198 उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी है. बाकी बचे हुए 74 उम्मीदवारों की लिस्ट भी जल्द ही जारी होने की उम्मीद है. चुनाव की घोषणा से पहले ही उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के पीछे प्रचार के लिए भरपूर समय दिया जाना माना जाता है.
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने सबसे पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी. इसमें पार्टी को 70 में से 67 सीटें मिली थीं. दिल्ली में हुई जीत की तरह ही आम आदमी पार्टी पंजाब और गोवा विधानसभा चुनाव में भी करिश्मा करना चाह रही थी. इसके लिए तैयारी भी की गई लेकिन पंजाब में पार्टी को 20 सीटें ही मिली, जबकि सरकार बनाने का दावा किया जा रहा था. गोवा में तो पार्टी खाता तक नहीं खोल पाई.
पंजाब और गोवा में आप का अच्छा प्रदर्शन नहीं होने से पार्टी के नेता परेशान हैं. अब एमसीडी चुनाव को पूरी गंभीरता से लेने का फैसला किया गया है. यह चुनाव पार्टी के लिए इज्जत का सवाल है, क्योंकि दिल्ली विधानसभा चुनाव में 67 सीटें मिली थीं.
वैसे पिछले दिनों 13 सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को पांच सीटें ही मिली थीं. ऐसे में पार्टी के लिए यह बड़ी चुनौती है. इसलिए खुद अरविंद केजरीवाल एमसीडी चुनाव पर पूरी नजर रखेंगे. जल्द ही रैलियों का सिलसिला शुरू होने वाला है.
No comments:
Post a Comment