सैफुल्लाह एनकाउंटर की जांच करेगी एनआईए, मिले कई चौंकानेवाले तथ्य

उत्तर प्रदेश में संदिग्ध आईएस आतंकी के एनकउंटर और गिरफ्तारी की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने अपने हाथ में ले ली है. मामले में एनआईए के लखनऊ आॅफिस में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
भारत सरकार की ओर से केस की विवेचना एनआईए को स्थानांतरित कर दी गई है.
मध्यप्रदेश में भोपाल-उज्जेैन पैसेंजर में हुए बम ब्लास्ट पर कार्यवाही करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस ने यूपी के रहने वाले तीन संदिग्ध आतंकियों को पिपरिया से गिरफ्तार किया. इनमें कानपुर की केडीए कॉलोनी का दानिश अख्तर, अलीगढ़ की इंदिरानगर का सैय्यद मीर हुसैन उर्फ हमजा और कानपुर के जाजमऊ का आतिश मुजफ्फर उर्फ अल कासिम शामिल थे.
एजेंसियों से प्राप्त इनपुट के अनुसार उक्त गेैंग के अन्य सदस्यों के यूपी के कई जिलों में छिपे होने की सूचना मिली. जिसके आधार पर लखनऊ में सैफुल्लाह की लोकेशन मिली, जो एनकाउंटर में मारा गया.
गिरोह के उप प्रमुख सैयद मीर हुसैन की एक डायरी भी हाजी कॉलोनी स्थित कमरे से मिली है. इस डायरी से और अभी तक की पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य निकले हैं -
यह गिरोह कुछ व्यक्तियों को टार्गेट करने वाला था, जिनमें से तीन लखनऊ स्थित एक शिक्षण संस्थान के प्रमुख संचालक हैं. इसके लिए इन्होंने रेकी भी कर ली थी (इन व्यक्तियों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए, इनका नाम जारी नहीं किया जा रहा है, इन की सुरक्षा का प्रबंध कर दिया गया है.)
कई दरगाहों और पूजा स्थलों पर बम विस्फोट करने वाले थे. उसके लिए भी रेकी की गई थी.
कमांडोज के कमरे में घुसने की स्थिति में उन आतंकियों ने रूम डिफेंस की पूरी योजना बना रखी थी. उसका रोडमैप (डायग्राम) हुसैन की डायरी में मिला.
गिरोह के पास से बरामद लैपटॉप में आतंकवादी घटनाएं करने संबंधी साहित्य तो मिला ही है. चौंकने वाली बात है कि इन अंग्रेज़ी अभिलेखों का हिन्दी अनुवाद किया गया और पीडीएफ बनाकर अन्य लोगों को गुमराह करने के लिए प्रसारित किया गया.
वहीं कानपुर एटीएस द्वारा कानपुर पुलिस के सहयोग से जाजमऊ थाना क्षेत्र से जेजे कालोनी के पास से दो युवकों को हिरासत में लिया गया. इनमें से एक मोहम्मद फैजल खां के पास से बरामद मोबाईल से प्रचार सामग्री पायी गई. इसके बाद फैजल को गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं इटावा में इसी माड्यूल के एक अन्य संदिग्ध आतंकी फखरे आलम उर्फ रिशु को गिरफ्तार किया गया.
इसके बाद लखनऊ में एटीएस और यूपी एसटीएफ ने ज्वाइंट आॅपरेशन में इस मॉड्यूल के सरगना गौस मोहम्मद खान को गिरफ्तार किया, वहीं कानपुर से अजहर को गिरफ्तार किया गया. अजहर के अलावा एक अन्य हथियार सप्लायर रॉकी ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया.
No comments:
Post a Comment